कसया। हाइवे पर गलत लेन में चल रहा मालवाहक सवारी लेकर जा रहे टेंपो से टकरा गया। इस दुर्घटना में टेंपो में सवार एक वृद्ध की मौत हो गई जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में एक पांच वर्षीय बालिका समेत दो महिलाएं भी शामिल हैं। एक महिला और एक पुरुष की हालत गंभीर बताई जा रही है।
देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के जंगल बरवा गांव निवासी रियाज शुक्त्रस्वार को दिन में डेढ़ बजे परिवार के लोगों को लेकर टेंपो से खोराबर थाना कसया में रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। वह जब भैसहां गांव के सामने हाइवे पर पहुंचे तो भैसहां गांव निवासी सुखल भी टेंपो में सवार हो गए।
टेंपो जैसे ही हाइवे पर हिरनहा गांव के सामने पहुंची उसी लेन पर सामने से आ रहे पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में मैनुन्निशा 35 वर्ष, जैतून 40 वर्ष, शायरा पांच वर्ष, रियाज 36 वर्ष, लकमुद्दीन 13 वर्ष और सुखल 60 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने सभी घायलों को सीएचसी कसया पहुंचाया।
जहां भैसहां निवासी सुखल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों का इलाज चल रहा है। रियाज और जैतून की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर घायलों के परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। प्रभारी एसओ अरुण कुमार ने बताया की घटना के विषय में सूचना मिली है।