कसया। थाना क्षेत्र के प्रेमवलिया में दूसरे गांव के बारावफात के जुलूस को प्रवेश करने, तेज आवाज में डीजे बजाने और अभद्र नारे को लेकर शनिवार को दो वर्ग आमने-सामने हो गए। इन दोनों वर्गों में मारपीट भी हुई। गांव वालों की सूचना पर एएसपी की अगुवाई में कई थानों की पुलिस फोर्स ने पहुंचकर तनावपूर्ण स्थिति को काबू में किया। एहतियातन गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
शनिवार को दोपहर बाद मैनपुर गांव के दीनापट्टी व बोधापट्टी टोले की ओर से बारावफात का जुलूस ट्रैक्टर-ट्राली पर डीजे के साथ निकाला गया। एक वर्ग का आरोप है कि जब जुलूस प्रेमवलिया गांव में पहुंचा तो उसमें शामिल युवकों की तरफ से अभद्रतापूर्ण नारेबाजी की जाने लगी। महिलाओं ने इसका विरोध किया, जिस पर जुलूस में शामिल युवक उग्र हो गए। इसकी जानकारी होते ही गांव के लोग जुट गए और पहले कहासुनी फिर मारपीट शुरू हो गई। इसमें दोनों वर्गों से कई लोग घायल हो गए।
घटनास्थल पर पहुंचे एएसपी हरिगोविंद मिश्र, सीओ ओमपाल सिंह, एसओ गजेंद्र राय, एसओ पटहेरवा व डायल-100 की पुलिस ने पहुंचकर मामले को शांत कराया। एसओ गजेंद्र राय ने बताया कि मामले में दोनों वर्गों से एक-एक व्यक्ति के खिलाफ शांति भंग में केस दर्ज किया गया है।
इस संबंध एसपी यमुना प्रसाद का कहना था कि इस मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी। समाज में अराजकता फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वह जो भी हो। उन्होंने कहा कि मामला शांत करा दिया गया है।
------
कसया एसओ व भाजपा नेता की थाने में नोकझोंक
कसया। भाजपा नेता संतोष सिंह प्रेमवलिया गांव के मामले में दोषियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने की मांग को लेकर पहुंचे। वहां पर एसओ गजेंद्र राय से बातचीत के दौरान उनकी तीखी नोंकझोंक हुई।
इसके अलावा हतियुवा के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश वर्मा, मंडल अध्यक्ष भाजपा डॉ. टीएन राव, सतीश शर्मा, वीरेंद्र मिश्र सीओ कार्यालय पहुंचे। वहां बैठे एएसपी हरिगोविंद मिश्र व सीओ ओमपाल सिंह से कहा कि गांव के लोगों के मुताबिक अब तक यहां से कोई जुलूस नहीं निकाला गया है। इसलिए नई पंरपरा नहीं शुरू की जानी चाहिए।