टेकुआटार। रामकोला थाना क्षेत्र के टेकुआटार गांव में जमीन के विवाद को लेकर बृहस्पतिवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें 10 व्यक्ति घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायलों को रामकोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया।
टेकुआटार निवासी राम नारायण और चंदन में रिहायशी जमीन पर निर्माण को लेकर विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार को सुबह एक पक्ष उस पर निर्माण करा रहा था, जिसे दूसरे पक्ष ने अपनी पुश्तैनी जमीन बताकर काम रोकने का प्रयास किया। उसका कहना था कि निर्माण अवैध रूप से कराया जा रहा है, जिसकी शिकायत प्रशासन से की गई है। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। उनमें लाठी-डंडे चलने शुरू हो गए।
इसमें एक पक्ष से राम नारायण (35 वर्ष), रामदेव (30 वर्ष), धर्मेंद्र (25 वर्ष), सच्चिदानंद (20 वर्ष), हृदयानंद (18) तथा दूसरे पक्ष से रामजी (50 वर्ष), मानवेंद्र (25 वर्ष) परमात्मा (20 वर्ष), लक्ष्मी (55 वर्ष) तथा गया (20 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसकी सूचना मिलने पर पहुंची रामकोला की पुलिस ने घायलों को रामकोला सीएचसी भेजवाया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में रामकोला थाने के एसओ श्रीप्रकाश का कहना था कि सूचना मिली है। मौके पर पुलिस गई है ।तहरीर के आधार पर क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी।