छितौनी। खड्डा ब्लॉक के ग्राम सभा बोधीछपरा के एडीओ टोला स्थित प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक के बीच मारपीट हो गई। परिसर में हो रही मारपीट को देखकर बच्चे चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर गांव के लोग पहुंचे और दोनों को अलग कराया।
एडीओ टोला में स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक धर्मेन्द्र शर्मा और सहायक अध्यापक सोमदत्त मिश्रा के बीच समय से स्कूल न आने की बात को लेकर कई दिनों से मनमुटाव चल रहा था। कहा जा रहा है कि मंगलवार को सहायक अध्यापक देर से स्कूल पहुंचे। हेडमास्टर ने रजिस्टर में अनुपस्थिति दर्ज कर दी। इसको लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हो गई। स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अनुसार बात बिगड़ गई और हेडमास्टर और सहायक अध्यापक मारपीट करने लगे। गुरुजी लोगों को झगड़ा करते देखकर बच्चे चिल्लाने लगे तो आवाज सुनकर गांव वाले मौके पर पहुंचे और दोनों को अलग कराए। प्रधानाध्यापक धर्मेन्द्र शर्मा का कहना है कि सहायक अध्यापक प्रतिदिन विलंब से आते हैं। मंगलवार को भी देर से आने पर उपस्थिति पंजिका में अनुपस्थित चढ़ाया। इससे नाराज सहायक अध्यापक ने मेरे हस्ताक्षर को लाल कलम से घेर दिया। वहीं सहायक अध्यापक सोमदत्त मिश्रा का कहना है कि वे नियमित स्कूल आते हैं। कभी बारिश या किसी अन्य कारणवश विलंब होता है तो हेडमास्टर अनुपस्थिति दर्ज कर देते हैं। इसी बात को लेकर हेडमास्टर मारपीट करने लगे।
इस संबंध में खड्डा के बीईओ महेंद्र प्रसाद का कहना है कि इन लोगों के कृत्य अत्यंत ही गंभीर है। इससे स्कूल में पढ़ाई का माहौल खराब होगा। इनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा।