दुकानों की जांच करने खाद्य सुरक्षा अधिकारी पहुंचे।
- फोटो : अमर उजाला
जटहां बाजार। मंगलवार की सुबह मंसाछापर बाजार में मिठाइयों और खाद्य वस्तुओं की अन्य दुकानों की जांच करने खाद्य सुरक्षा अधिकारी पहुंचे। जांच में पांच दुकानें बिना लाइसेंस की मिलीं, जिन्हें नोटिस दिया गया। इस दरम्यान मंसाछापर सहित आस-पास के दुकानदारों में खलबली मची रही। जटहां बाजार थाना क्षेत्र के मंसाछापर बाजार में मंगलवार की सुबह तकरीबन आठ बजे खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके सिंह पहुंचे।
उन्होंने बाजार के दो होटल, एक किराना और दो मिठाई की दुकानों की जांच की। जांच में पता चला कि ये सभी प्रतिष्ठान बिना लाइसेंस के ही संचालित किए जा रहे हैं। जांच के समय खुले में ही मिठाइयां रखी मिलीं।
इस पर उन्होंने प्लास्टिक से मिठाई को ढककर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर खुले में मिठाई पाई गई तो अगली बार कार्रवाई की जाएगी। बाजार में ही एक किराने के दुकानदार ने बाहर ही नमक रखा था, जिस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने चेतावनी दी और कहा कि नमक की बोरी को तत्काल अंदर रखा जाए। चार लोगों को पंद्रह दिन का समय दिया गया कि वे लोग इस समयावधि के अंदर ही लाइसेंस बनवा लें।
यह भी चेतावनी दी गई कि लापरवाही बंद नहीं हुई तो अगली बार मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। इसके बाद बलकुड़िया बाजार में एक जनरल स्टोर की दुकान की जांच र्र्हुई। वह भी बिना लाइसेंस की संचालित होती मिली।
दुकानदार को नोटिस दे दी गई। जांच के डर से अगल-बगल के बाजारों की मिठाई और किराने की दुकानें बंदकर दुकानदार चलते बने। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जांच में पांच लोगों को पंद्रह दिन के अंदर लाइसेंस बनवाने के लिए नोटिस दी गई है और अन्य को चेतावनी दी गई है कि कोई भी मिलावटी सामग्री न बेचे।