हाटा, पोखरी की जमीन पर हुए अतिक्रमण को रविवार को हटवाने के लिए पुलिस बल के साथ रामपुर पौटवा गांव गए तहसीलदार और उनकी टीम पर पथराव हो गया। इस मामले में पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में ले लिया। हलका लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको गिरफ्तार कर लिया है।
रामपुर पौटवा गांव के एक पोखरे पर कुछ लोगों के अतिक्रमण करने की शिकायत मिलने पर तहसीलदार हाटा ने हलका लेखपाल से रिपोर्ट तलब की थी। लेखपाल की रिपोर्ट में पोखरी की जमीन पर कब्जा करने की बात पुष्ट होने पर रविवार को तहसीलदार बृजेश प्रसाद राजस्व टीम और पुलिस बल को लेकर गांव पहुंचे।
अतिक्रमण हटाने के दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि करीब 27 फीट जमीन पर न्यायालय की ओर स्थगन आदेश है। इसपर तहसीलदार ने उतनी जमीन छोड़कर बाकी अतिक्रमण हटवाना शुरू कर दिया। राजस्व टीम ने जैसे ही एक पक्का निर्माण तोड़वाना शुरू किया कि बगल के एक छत से तहसीलदार व राजस्व टीम पर पथराव शुरू हो गया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
पुलिसवालों ने किसी तरह से मामला संभाला और मौके पर मौजूद दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
गांव से वापस लौटने के बाद लेखपाल राधेश्याम की तहरीर पर हाटा कोतवाली पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। तहसीलदार ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ केस दर्ज करा दिया गया है। हाटा कोतवाली के एसएसआई भीम यादव ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। दो लोग गिरफ्तार भी हो गए हैं।