मेहदीगंज में अधेड़ की चाकूओं से गोदकर हत्या की सूचना के बाद मौके पर जांच करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
रामकोला। पडरौना कोतवाली थानाक्षेत्र के कटनवार गांव के एक अधेड़ व्यक्ति की खून से लथपथ लाश सोमवार की सुबह रामकोला थानाक्षेत्र के मेंहदीगंज बाजार के पास सड़क के किनारे मिली। माना जा रहा है कि अधेड़ की किसी हथियार से गोदकर हत्या की गई है।
सुबह करीब पांच बजे आसपास के गांवों के लोग सड़क पर टहलने निकले तो मेंहदीगंज बाजार के नजदीक ही सड़क के किनारे खून से लथपथ शव देखा। अगल-बगल भी खून गिरा था और नजदीक ही सड़क पर सब्जी की गठरी पड़ी थी। अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने की खबर से तमाम लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
लोगों ने रामकोला पुलिस को सूचना दी तो एसओ अनिल सिंह और एसआई बब्बन सिंह समेत कई पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छानबीन शुरू की तो घटनास्थल के पास स्थित एक मकान के परिसर में भी खून गिरा पड़ा था। पुलिसवालाें के अनुसार मृत व्यक्ति की पीठ पर चाकू जैसे किसी हथियार से बने गहरे घाव के निशान दिख रहे थे।
शव का पंचनामा बनवाकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बाद में मृतक की शिनाख्त पडरौना कोतवाली के कटनवार गांव निवासी मोहम्मद रोजी के रूप में की गई। एसओ अनिल सिंह के अनुसार किसी सूचना पर मोहम्मद रोजी के घरवाले थाने पर पहुंचे थे। उन लोगों के अनुसार मोहम्मद रोजी घूम-घूमकर भीख मांगता था।
हत्या के कारणों का पता नहीं लग पा रहा है, घरवालों ने भी इस संबंध में अब तक कोई शिकायत या आरोप नहीं लगाया है। एसओ के अनुसार पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर ही जांच की कार्रवाई आगे बढ़ेगी।