दुदही। सोमवार की सुबह करीब सात बजे हल्की बरसात के बीच दुदही के गोला बाजार में पीपल का एक पुराना पेड़ पक्की दुकान पर गिर गया। इसकी वजह से दुकान की छत का कुछ हिस्सा टूटकर अंदर गिर गया। संयोग अच्छा था कि इस हादसे में केवल दुकानदार की मां और बेटे को ही मामूली चोटें आईं, जबकि उस वक्त वहां दुकानदार समेत 12 लोग मौजूद थे।
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के दुदही के गोला बाजार में मुन्ना रौनियार ने पक्के मकान में आलू की थोक बिक्री की दुकान खोल रखी है। दुकान के बगल में ही पीपल का एक पुराना पेड़ है। सोमवार को सुबह दुकानदार मुन्ना रौनियार के अलावा उसकी माता मालती देवी (50) और पुत्र शनि (8) समेत 12 लोग मौजूद थे। लोग आलू की तौल कराने में मशगूल थे कि अचानक ही पीपल का पेड़ जोरदार आवाज के साथ दुकान पर गिर गया। इससे छत का एक हिस्सा टूटकर अंदर गिरा। दुकान में खड़े लोग बाहर भागे। इस हादसे में केवल दुकानदार की मां मालती देवी और पुत्र शनि को हल्की चोटें आईं।