पांच दिन पहले बाइकों की भिड़ंत में हुई दो बाइक चालकों की मौत के बाद सहायल पुलिस ने दोनों के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने की रिपोर्ट दर्ज की है। जबकि पुलिस को पता है जिनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है वह दुर्घटना में मर चुके हैं।
गौरतलब है कि 13 जुलाई की देर शाम सहायल थाना क्षेत्र के दिनवामऊ पुल के पास दो बाइकों में भिड़ंत हो गई थी। जिसमें सहायल क्षेत्र के भूरे पुर्वा गांव निवासी संदीप की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं दूसरे बाइक सवार इंदिरा नगर नई बस्ती निवासी लाल सिंह की सैफई अस्पताल जाते समय मौत हो गई थी। 13 जुलाई की ही रात में मृतक संदीप की पत्नी ने लाल सिंह के खिलाफ लापरवाही से बाइक चलाकर दुर्घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इस मामले के बाद अब मृतक लाल सिंह की पत्नी गीता देवी ने सहायल थाने में मृतक संदीप के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर टक्कर मार देने की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संदीप के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर टक्कर मारने की रिपोर्ट दर्ज कर ली। जबकि पुलिस को पता था कि आरोपियों की मौत हो चुकी है इसके बाबजूद भी मृतकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। थानाध्यक्ष सहायल ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच के बाद मामला खत्म कर दिया जाएगा।