पटहेरवा। थाना क्षेत्र के महुअवा धर्मकांटा के सामने फोरलेन पर शनिवार को ईट लदे एक ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। फाजिलनगर सीएचसी से घायल चालक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के लोहरवलिया गांव के निवासी धनंजय यादव (32) पेशे से ट्रक चालक हैं। शनिवार को वह तमकुहीराज में ट्रक खड़ा कर ट्रक मालिक की बाइक से अपने घर गए थे। दिन के करीब तीन बजे बाइक से वापस लौटते समय महुअवा गांव के सामने पीछे से आ रहे ईंट लदे एक ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गए। धनंजय के सिर में गहरी चोट लगी है। हादसा देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी तथा ट्रैक्टर का पीछा किया। ट्रैक्टर चालक को लोगों ने पटहेरवा में पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना देने के आधा घंटा बाद भी पुलिस और एंबुलेंस नहीं पहुंची तो लोगों ने निजी वाहन से घायल को फाजिलनगर सीएचसी भेजा। गंभीर हालत देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
इस संबंध में पटहेरवा एसओ निर्भय सिंह का कहना था कि दुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया गया है। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।