खड्डा। नेहरू नगर मोहल्ले में शुक्रवार को नाली सफाई के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष के पति पर थप्पड़ चलाने के बाद मामला बिगड़ गया। आरोप है कि इस विवाद में कुछ सफाइकर्मियों को भी चोट लगी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन देकर विवाद को शांत कराया।
शुक्रवार को स्वच्छ खड्डा अभियान के तहत नगर पंचायत अध्यक्ष शारदा तुलस्यान के पति राजू तुलस्यान की देखरेख में नेहरूनगर मोहल्ले में नाली सफाई हो रही थी।
आरोप है कि इस वार्ड का एक व्यक्ति काफी दिनों से नाली पर अतिक्रमण किए हुए था। नगर पंचायत अध्यक्ष के पति ने उस अतिक्रमण को हटवाकर नाली की सफाई शुरू करवा दी। बताया जा रहा है कि अतिक्रमण करने वाला अपनी मां के साथ मौके पर पहुंचा और राजू तुलस्यान पर थप्पड़ चला दिया। इसके बाद मामला बढ़ गया।
सभासद शिवशंकर गुप्ता के साथ कुछ सफाईकर्मी बीचबचाव करने लगे। आरोप है कि इसी बीच अतिक्रमण करने वाले ने अपनी मां के साथ सफाईकर्मियों पर कुदाल से हमला कर दिया। इस बीच मौके पर पहुंचे एसआई गुरुपाल सिंह ने आरोपी को हटाकर मामले को शांत कराया। इस संबंध में खड्डा के एसओ श्रीप्रकाश यादव का कहना है कि आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है।