हत्या के मामले की फिर से जांच के लिए प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जटहां बाजार थाना क्षेत्र के घूर छपरा गांव के लोगों ने प्रदर्शन कर एडीएम को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारी पुलिस पर हत्या के एक मामले का फर्जी पर्दाफाश करने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की फिर से जांच कराने की मांग कर रहे थे।
घूरछपरा गांव के मोतीचंद, ब्रम्हदेव, हनीफ, विजय प्रताप, महंथ अमरनाथ आदि का कहना था कि उनके गांव के एक व्यक्ति की लड़की दो माह से गायब थी। उसका शव बीते 23 फरवरी को गांव से करीब दो किमी दूर कंठीछापर गांव के पोखरे में मिली थी। इस मामले में लड़की के पिता ने विद्यासागर मद्धेशिया के बेटे दिलीप पर झूठा आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने दिलीप को हिरासत में ले लिया। इसके बाद बड़े बेटे दीपक को भी हिरासत में लिया। दोनों को 24 घंटे से अधिक समय तक थाने में रखने के बाद फर्जी मुठभेड़ दिखाकर गंडक नदी के किनारे से गिरफ्तारी दिखाई गई। दोनों को उस लड़की की हत्या का आरोपी बताते हुए जेल भेज दिया गया। गांव के लोगों ने एडीएम कृष्णलाल तिवारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की फिर से जांच कराने की मांग की।