खड्डा। पनियहवा पुल के पास गंडक नदी में स्नान कर रही दो किशोरी शुक्रवार को नदी की तेज धार में बहने लगीं। यह देख एक किशोरी के पिता ने भी नदी में छलांग लगा दी लेकिन वह भी डूबने लगे। शोर सुनकर एक साहसी दुकानदार ने नदी में छलांग लगाकर एक किशोरी और उसके पिता को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन इस बीच एक किशोरी की डूबने से मौत हो गई।
बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के थाना मैना टांड के सुखलाही गांव निवासी राजेश शाह और मुकेश शाह के परिजन मदनपुर देवी स्थान पर पूजा पाठ करने आए थे। पूजा से पहले गंडक नदी में स्नान के लिए पनियहवा पुल के पास पहुंचे। कुछ लोग स्नान करके बाहर निकल गए, लेकिन राजेश शाह की पुत्री चांदनी उर्फ ब्यूटी (14) व मुकेश की पुत्री प्रिया (13) नदी की तेज धार में बहने लगीं। यह देख मुकेश बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा, लेकिन तेज बहाव के चलते वह भी बहने लगे। घाट पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर बगल में चाय की दुकान चलाने वाला छविलाल नदी में कूदकर डूब रहे मुकेश और उसकी पुत्री प्रिया को बचा लिया, लेकिन चांदनी डूब गई। हादसे की सूचना मिलने पर खड्डा पुलिस मौके पर पहुंची। छविलाल ने काफी प्रयास के बाद चांदनी के शव को नदी से बाहर निकाला। घरवालों ने इस मामले में किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने की बात कही। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं डूब रहे पिता-पुत्री को बचाने वाले दुकानदार छविलाल को खड्डा थाने के एसआई राजेश ने पुरस्कृत किया।