पटहेरवा। थाना क्षेत्र के करमैनी बाजार गांव में शुक्रवार की रात एक झोपड़ी में लगी आग से तीन साइकिलें व बिस्तर-चारपाई आदि जलकर नष्ट हो गए। इस घटना में तीन मवेशी भी झुलस गए। गांव के लोगों ने बहुत प्रयास करके आग बुझाई। शनिवार की सुबह लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन किया।
करमैनी बाजार गांव के इंद्रीस पुत्र खुर्दनी की झोपड़ी में देर रात अचानक आग लग गई। घर के लोगों की नींद खुली तो तब तक लपटें तेज हो चुकी थीं। झोपड़ी में बंधी दो गाय व एक बछड़ा भी झुलस गए। इसके अलावा तीन साइकिलें और बिस्तर-चारपाई जल गया। गांव के लोगों ने किसी तरह से आग बुझाई। सूचना पर डायल 100 पुलिस भी मौके पर पहुंची। सुबह भाजपा के मंडल अध्यक्ष कन्हैया शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। लेखपाल रजनीश उपाध्याय ने क्षति का आकलन कर एसडीएम तमकुहीराज को रिपोर्ट भेजने की बात कही।