कसया। कुश्ाीनगर के कसया कस्बे के कांशीराम आवास कॉलोनी में शनिवार की देर शाम एक युवती की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी गई। बगल में ही एक युवक का भी शव पड़ा हुआ था। युवक व युवती के हत्या की खबर से सनसनी फैल गई। युवती कस्बे के ही ब्रह्मस्थान मुहल्ले की रहने वाली थी। युवक रामकोला थाना क्षेत्र के परवारपार गांव का निवासी था। मौके से पुलिस को बैग में रखा एक धारदार हथियार व डायरी भी मिली है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
कसया कस्बे के ब्रह्मस्थान मुहल्ला निवासी हरिश्चंद्र मद्घेशिया को कांशीराम शहरी आवास कॉलोनी के ब्लाक नंबर नौ में 99 नंबर का आवास आवंटित है। परिवार के कुछ सदस्य यहां भी रहते हैं। शनिवार की देर शाम इस आवास में हरिश्चंद्र की 20 वर्षीया पुत्री गूंजा अपनी मां के साथ थी। किसी काम से मां मकान के दूसरे फ्लोर पर चली गई थी। कुछ देर बाद वापस आई तो गूंजा का शव देखकर चीख पड़ी। गूंजा का सिर बुरी तरीके से कूंच दिया गया था। गले पर भी चोट का निशान था। बगल में ही करीब 20 वर्षीय युवक का भी शव पड़ा था। मुहल्ले के लोगों की चर्चा के अनुसार सबया गांव निवासी नरेश का रिश्तेदार और रामकोला थाना क्षेत्र के परवरपार गांव निवासी हरिनारायण पटेल का 20 वर्षीय पुत्र रामसिंगार उर्फ रामसागर तीन वर्ष पहले कांशीराम आवासीय कॉलोनी के इसी ब्लाक में किराए पर रहता था। कहा जा रहा है कि शनिवार की शाम को बिना नंबर की बाइक से यहां पहुंचा था।
घटना की जानकारी पर जब लोग वहां पहुंचे तो मकान के बाहर एक बिना नंबर की बाइक भी खड़ी थी। हत्या की खबर पाकर सीओ कसया ओमपाल सिंह और प्रभारी एसओ आरएल सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल के निरीक्षण के बाद दोनों शव कब्जे में ले लिया। देर शाम सीओ ओमपाल सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों के घरवालों से जानकारी जुटाई जा रही है।