सेवरही। नेहरू इंटर कॉलेज तरयासुजान के खेल मैदान की बाउंड्रीवाल को लेकर सोमवार को फिर विवाद हो गया। आमने-सामने हुए दोनों पक्षों के बीच तीखी नोंकझोंक होने लगी।
मामला शांत कराने पहुंची पुलिस से भी धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। पुलिस ने इस मामले में कॉलेज प्रबंधन के तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। इस मामले को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। सोमवार को तरयासुजान बाजार स्थित नेहरू इंटर कॉलेज के खेल मैदान की क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य शुरू हुआ।
गांव के कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जताते हुए कार्य रोक दिया। लोगों का कहना था कि दो दिन पूर्व ही उन लोगों ने इसके लिए प्रार्थना पत्र भी दे दिया था। दोनों पक्षों में विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया। कहा जा रहा है कि इस दौरान गांव के लोगों और पुलिसवालों के बीच धक्का-मुक्की भी हो गई।
लोगों के अनुसार पुलिस के पिटाई से एक बच्ची भी घायल हो गई। विवाद बढ़ने की सूचना पर पहुंचे एसओ तरयासुजान संजय राय ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इस संबंध में एसओ संजय राय का कहना है कि कुछ लोग बेवजह विवाद खड़ा कर रहे हैं। सोमवार को हुई घटना के मामले में छह नामजद और आठ अज्ञात पर दर्ज किया गया है।