बाइक चोर पुलिस की गिरफ्त में।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने चार बाइक चोरों को गिरफ्तार कर अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। पकड़े गए चोरों के पास से चोरी की छह बाइकें भी बरामद हुईं हैं।
एसपी दीपक कुमार भट्ट ने बताया कि स्वॉट टीम और रामकोला पुलिस के प्रयास से पुलिस को यह सफलता मिली है। स्वॉट प्रभारी सौदागर राय और एसओ अनिल कुमार सिंह की अगुवाई में पुलिसकर्मियों ने शनिवार की रात तकरीबन नौ बजे रामकोला के धर्मसमधा मंदिर के निकट बाइक से आते हुए एक व्यक्ति को रोका।
एसपी के मुताबिक उसने अपना नाम राजकुमार शाह निवासी ग्राम व थाना विजयीपुर जनपद गोपालगंज (बिहार) बताया। उसके पास बिहार के नंबर की बाइक थी। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने रामकोला से चोरी की गई बाइक के बारे में जानकारी दी।
उसने बताया कि उसके तीन साथी उर्दहां नंबर-एक टूटी पुलिया के पास स्थित बागीचे में चोरी के लिए उसका इंतजार कर रहे हैं। पुलिस टीम ने उन तीनों को भी गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लोगों ने अपने नाम मुन्ना तिवारी उर्फ सुनील निवासी सेमरी थाना कसया, जोगी उर्फ जोगेंद्र मद्धेशिया, टेकुआटार थाना रामकोला और रामलखन यादव निवासी छोटका रामबर बुजुर्ग थाना रामकोला बताया। उनकी निशानदेही पर छह बाइक भी बरामद हुईं।