जटहां बाजार। फर्जी वोटर आईडी के सहारे मतदान कराने का आरोप लगाकर रविवार को एक प्रत्याशी के समर्थकों ने विशुनपुरा ब्लॉक के बाहर हंगामा कर दिया। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। पुलिस ने लाठियां पटककर भीड़ को खदेड़ा। करीब आधे घंटे तक वहां अफरातफरी मची रही।
मतदान केंद्र के अगल-बगल की सभी दुकानों को पुलिसकर्मियों ने बंद करा दिया। वहां मिले मतदाता पहचान पत्रों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और सीओ के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। जांच में सभी पहचान पत्र असली मिले।
विशनपुरा ब्लॉक से तीन प्रत्याशी कंचन जायसवाल, सुभाष यादव और शांतिभूषण दीक्षित ब्लॉक प्रमुख पद के दावेदार थे। रविवार को मतदान के दौरान करीब 11.30 बजे ब्लॉक के बाहर एक कमरे में रखे वोटर आईडी को लेकर दो प्रत्याशियों के समर्थक आपस में हंगामा करने लगे।
इनमें एक प्रत्याशी के समर्थक बजरंगी यादव सहित कई लोग फर्जी आईडी बनवाने का आरोप लगा रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने आईडी अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद भी जब हंगामा नहीं थमा तो पुलिस के जवानों ने लाठियां पटककर भीड़ को खदेड़ा। उसके बाद मतदान केंद्र के अगल बगल लगभग 200 मीटर के दायरे में स्थित सभी दुकानों को जबरन बंद करा दिया गया।
मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संजीव रंजन, सीओ सदर शशिशेखर सिंह सहित पीएसी के जवान पहुंचे। सीओ ने सभी दुकानदारों को हिदायत दी कि मतगणना खत्म होने तक दुकानें बंद रखें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। उसके बाद सभी दुकानें बंद हो गईं।