खड्डा। हनुमानगंज थानाक्षेत्र में गंडक नदी के दियारा में बालू खनन रोकने गए काश्तकारों से जमकर मारपीट हुई। मारपीट की इस घटना में ग्राम प्रधान सहित करीब छह लोग घायल हो गए।
नाराज लोगों ने बृहस्पतिवार को सुबह पनियहवा के प्रधान की अगुवाई में बृहस्पतिवार एनएच 28 बी के पनियहवा तिराहे पर जाम लगा दिया। कुछ देर के बाद प्रदर्शन कर रहे लोग आरोपियों पर केस दर्ज कराने की मांग को लेकर थाने पर पहुंच गए। इसके बाद थाने में 12 से ज्यादा आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
हनुमानगंज थानाक्षेत्र के पनियहवा ग्रामसभा के कुछ किसानों की जमीन मौजा पकड़ीयहवा और कर्महवा में है। इसका कुछ हिस्सा गंडक नदी में आने से बालू से पट गया है। पनियहवा के लोगों का आरोप है कि कुछ जबरदस्ती बालू खनन करके नुकसान पहुंचा रहे हैं।
गांव वालों की शिकायत पर ग्राम प्रधान ओमप्रकाश काश्तकारों के साथ बुधवार की रात बालू खनन स्थल पर पहुंचे और यहां खनन कर रहे लोगों को मना करने लगे। इस बात को लेकर मारपीट हो गई। मारपीट में प्रधान ओमप्रकाश, दीपलाल, विजय मल्ल, गोविंद, रमेश सहित करीब छह लोग घायल हो गए।
सभी घायलों का इलाज पीएचसी खड्डा में कराया गया। मारपीट की घटना से नाराज गांव के लोग ग्राम प्रधान की अगुवाई में बृहस्पतिवार को सुबह एनएच 28 बी पर पनियहवा तिराहे पर हाइवे जाम कर दिया। थोड़ी देर बाद लोगों ने जाम खुद ही समाप्त दिया और हनुमानगंज थाने पर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग करने लगे।
बाद में थाने में प्रधान की तहरीर पर 12 से ज्यादा लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। इस संबंध में एसओ हनुमानगंज श्रीप्रकाश यादव का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस घटना में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करके उनकी तलाश की जा रही है।