पुलिस-पब्लिक के बीच बढ़ी दूरियों को कम करने और अपराधों पर अंकुश लगाने को लेकर बुलाई गई बैठक में संभ्रांत लोगों से एसपी ने सीधा संवाद किया और लोगों से विचार साझा किए। प्रबुद्ध लोगों ने समस्याएं बताईं और सुझाव दिए। एसपी ने सुझावों पर अमल करने का आश्वासन दिया।
गुरुवार को एसपी अनिल कुमार सिंह ने जिले भर के जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता, समाजसेवियों की एक बैठक बुलाई थी। दोपहर करीब 12 बजे पुलिस लाइन में हुई बैठक को संबोधित करते हुए एसपी अनिल कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच जो दूरी है। इसको कैसे समाप्त किया जाए? पुलिस से आप को क्या अपेक्षा है। क्योंकि व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि हम जनता की सेवा करने के लिए हैं न कि उन पर शासन करने के लिए। नगरपालिका चेयरमैन प्रभात जायसवाल, परमिंदर सिंह सैहमी, सर्वेश अग्रवाल, टीएच खान, कंचन सक्सेना सहित तमाम संभ्रांति लोगों ने अपने विचार रखे और सुझाव दिए। एसपी ने सुझावों पर अमल करने का आश्वासन देते हुए पुलिस की मदद करने की अपील की। बैठक में डॉ. प्रणव शास्त्री, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल जिलाध्यक्ष अफरोज जिलानी, प्रधान सुखविंदर सिंह सीटू, बार कौंसिल के पूर्व अध्यक्ष अवधेश मिश्रा, प्रदीप तिवारी, पूरनपुर नगरपालिका चेयरमैन प्रीदप जायसवाल, बरखेड़ा चेयरमैन जमील अहमद, राजेश अग्रवाल उर्फ बिचले सहित तमाम लोग शामिल रहे।