पडरौना। शहर के एक होटल में रविवार को एक नेटवर्किंग कंपनी की चल रही मीटिंग में पहुंचे कुछ लोगों ने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। इनका आरोप था कि कंपनी से जुड़े लोग दो बार उनका रुपये लेकर गायब हो चुके हैं। काफी तलाश के बाद उन्हें रविवार को इस होटल में मीटिंग की जानकारी मिली थी। हंगामा की खबर पर कोतवाली पुलिस होटल पहुंची और नेटवर्किंग कंपनी से जुड़े लोगों व शिकायत कर्ताओं को लेकर कोतवाली आई। पुलिस इस कंपनी के कागजात की जांच पड़ताल में लगी है।
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र की गांव निवासी रौशनी शुक्ला ने कोतवाली पुलिस को दिए तहरीर में बताया है कि कंपनी से जुड़े लोगों ने 6600 रुपये लिए और बदले में एक सप्ताह के भीतर आठ हजार रुपये देने का भरोसा दिया। एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बाद जब उसने कंपनी के बारे में जानकारी ली तो इसके कार्यालय व उससे जुड़े लोगों के विषय में कोई जानकारी नहीं मिली। पडरौना कोतवाली के गांव विशुनपुरा निवासी नूर आलम ने भी तहरीर देकर बताया है कि कंपनी के लोगों ने झांसे में लेकर उससे 3600 रुपये ले लिए। रविवार को मीटिंग के दौरान जब रुपये की मांग की गई, तो नोकझोंक करने लगे। इनके अलावा साजिदा, पाकिजा, संत कुशवाहा, चंद्रेश्वर, वर्षा, परवीन आदि ने भी तहरीर सौंपकर धोखाधड़ी की बात कही।
इस संबंध में कोतवाल विजयराज सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। नेटवर्किंग कंपनी के अफसरों से कंपनी के पंजीकरण समेत अन्य पेपर मांगे गए हैं। छानबीन के बाद अगर जरूरी लगा तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर में नेटवर्किंग कंपनियों से विवाद का नाता पुराना है। इनको लेकर कई बार यहां विवाद हो चुका है। रामकोला रोड स्थित एक मैरेज हॉल में प्रत्येक बुधवार को एक नेटवर्किंग कंपनी से जुड़े लोग मीटिंग करते हैं। यहां अक्सर ही मारपीट व नोकझोंक होता रहता है। कभी साइकिल, बाइक खड़ा करने को लेकर तो कभी रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद होता है। अभी कुछ माह पूर्व ही रुपये के लेनदेन को लेकर एक कंपनी से जुड़े पदाधिकारी व एक युवक के बीच मारपीट हुई थी। बात इतनी बिगड़ गई थी कि मामला कोतवाली तक जा पहुंचा था।