कसया (कुशीनगर) शनिवार की सुबह ब्रह्मस्थान वाली गली के गुलाबी चौक पर ताजिया के रास्ते को लेकर विवाद हो गया। एक समुदाय के लोगों का आरोप है कि भोर में यहां पंडाल के बांस को काटकर ताजिया निकाला गया है।
दूसरी ओर उसी रास्ते से जाने की जिद पर अड़े दूसरे समुदाय के लोग बड़ी मस्जिद के सामने लगभग ढाई घंटे तक मुख्य सड़क पर ताजिया को रखे रहे।
इस बीच प्रशासन की ओर से बातचीत कर विवाद का हल निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन वार्ता विफल हो गई। कसया के वार्ड नंबर सात, 13 और 14 का तिराहा गुलाबी चौक के नाम से जाना जाता है।
इसी रास्ते पर जैन बिल्डिंग के समीप ब्रह्मस्थान का गेट है और मठ तक इसी रास्ते लोग आते जाते हैं। गुलाबी चौक पर काफी दिनों से पंडाल बनता है।
जबकि मोहर्रम का ताजिया सीधे रास्ते से पुराना थाना वाली सड़क से गांधी चौक चला जाता है और कर्बला में दफन के बाद उसी रास्ते वापस भी आता है।
शुक्रवार को भोर में मोहर्रम की चौकी की रस्म अता करने के बाद इसी रास्ते ताजिया ले जाया गया। एक समुदाय के लोगों का आरोप है कि प्रशासन की मौजूदगी में पंडाल का बांस काटकर ताजिया निकाला गया है।
इसकी जानकारी जब मोहल्ले के लोगों को हुई तो दोबारा पंडाल का बांस बांध दिया और जैन गली में पूरी तरह बैरिकेडिंग कर दी। उधर कस्बे के विभिन्न अखाड़ों की ओर से निकाला गया ताजिया बड़ी मस्जिद के सामने रखकर लोग रास्ता साफ कराने की मांग करने लगे।
मामले का हल निकालने के लिए सीओ दफ्तर में एडीएम रामकेवल तिवारी, एएसपी लालसाहब यादव, एसडीएम श्रीप्रकाश शुक्ल, सीओ विनय सिंह, एसओ ज्ञानेंद्रनाथ शुक्ल की मौजूदगी में दोनों समुदाय के प्रबुद्ध लोगों के साथ वार्ता हुई, लेकिन रास्ता बनवाने के लिए मौके पर पहुंचे तो बात नहीं बन पाई। फिलहाल पूरे कस्बे में फोर्स तैनात है।