कुशीनगर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की एक बच्ची को टॉफी देने के बहाने दो युवक अपने घर में ले गए। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बच्ची के चिल्लाने पर लोग पहुंचे और उसे महिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
सूचना मिलने पर महिला एसओ भी पहुंचीं। बच्ची की हालत खराब होने के कारण उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में दुष्कर्म के प्रयास का केस दर्ज किया है। दोनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं।
बच्ची की मां ने देर शाम पडरौना कोतवाली में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनकी बच्ची मंगलवार को दो बजे दरवाजे पर खेल रही थी। तभी पड़ोस के दो युवक टॉफी देने के बहाने उसे अपने घर में ले गए और दरवाजा बंद कर लिया। 15-20 मिनट बाद बच्ची रोती हुई बाहर आई।
पहले से बच्ची की तलाश कर रहे घर के लोग उसकी हालत देखकर दंग रह गए। बच्ची ने उन दोनों युवकाें के बारे में बताया। पीड़ित की मां के मुताबिक उन्होंने इसकी शिकायत आरोपियों के पिता से की तो उन्होंने दोनों को घर में बंद कर दिया। 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस पहुंची तो दोनों को पकड़कर कोतवाली ले आई। उन्होंने आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की। इस संबंध में पडरौना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत राय का कहना था कि बच्ची के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म करने के प्रयास का केस दोनों आरोपियों के विरुद्ध दर्ज कर लिया गया है।
दोनों युवक गिरफ्तार भी कर लिए गए हैं। बच्ची को इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। जबकि इस संबंध में महिला थाने की एसओ विभा पांडेय का कहना था कि बच्ची की हालत खराब थी। उसके परिवार के लोग जिला अस्पताल ले गए।