रामकोला। शुक्रवार की शाम को पगार मुरली छपरा गांव के सामने एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई और एक अन्य शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे कप्तानगंज सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इस घटना से नाराज लोगों ने कप्तानगंज-नेबुआ नौरंगिया मार्ग को जाम कर दिया। हादसे के बाद भाग रहे ट्रैक्टर चालक सहित दो व्यक्तियों को लोगों ने पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया।
पगार मुरली छपरा निवासी देवनारायन साहनी साठ वर्ष के थे। वह रामअधार साहनी के साथ मिश्रौली चौराहे से चाय पीकर घर आ रहे थे। तभी पीछे से एक ट्रैक्टर आ रहा था। देवनारायन और रामअधार उस ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। देवनारायन की मौके पर ही मौत हो गई। रामअधार गंभीर रूप से घायल हो गए।
लोग उनको सीएचसी कप्तानगंज लाकर भर्ती कराए। यहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लोगों के मुताबिक ट्रैक्टर चालक के मुंह से शराब की गंध आ रही थी।
इस घटना से नाराज लोगों ने गांव के सामने कप्तानगंज-नेबुआ नौरंगिया सड़क को जाम कर दिया। गांववालों की मांग थी कि हादसे में मारे गए बुजुर्ग के परिवार को आर्थिक सहायता दिलाई और लापरवाही करने वाले चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।
साथ ही घायल रामअधार का समुचित इलाज कराने की भी मांग भी की। मौके पर पहुंचे पुलिस के जवान लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे थे।
लोगों ने ट्रैक्टर चालक सहित दो लोगों को पकड़कर एक कमरे में बंद किया था। पुलिस लोगों से जाम समाप्त करने और चालक को हिरासत में ले जाने के लिए बाहर निकालने के लिए मान-मन्नौवल में जुटी थी।
करीब ढाई घंटे बाद रात आठ बजे नाबय तहसीलदा और एसओ की ओर से कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद लोग वहां से हटे।