थाना क्षेत्र के गांव मांडेराय के टोला खेदू छपरा से 26 वर्षीया विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में ससुराल से गायब हो गई है। मायके पक्ष ने विवाहिता की हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगाया है। ससुराल पक्ष के लोग भी घर छोड़कर फरार हैं। सोमवार को डॉग स्क्वॉड के साथ पहुंची पुलिस टीम ने बहुत देर तक मामले की छानबीन की लेकिन कुछ खास सुराग हाथ नहीं लगा है।
गायब हुई विवाहिता प्रियंका के मायके वालों के अनुसार रविवार की रात में उसने पिटाई की बात बताई थी। सोमवार को सुबह जब उसकी मां बेटी का हाल जानने उसके घर पहुंची तो वहां सन्नाटा था। उसने एसओ रामकोला को सूचना दी तो मौके पर पहुंची पुलिस ने गांव के लोगों के साथ घर की तलाशी लेने के अलावा अन्य संभावित जगहों पर भी खोजबीन की। इसके बाद डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बताया जाता है कि पकड़ी बांगर गांव की रहने वाली प्रियंका ने पांच वर्ष पूर्व मांडेराय के खेदू छपरा निवासी जालंधर से प्रेम विवाह किया था। इनके दो बच्चे हैं। इनमें एक लड़का चार वर्ष का तथा दूसरी लड़की एक वर्ष की है। विवाहिता की मां जोन्हा देवी के अनुुसार शादी के बाद ससुराल के लोगों ने दहेज के लिए परेशान करना शुरू किया तो उसने घर बेचकर मांग पूरी की थी। इस घटना की जानकारी होने पर सीओ आरबी सिंह ने भी मौके पर जाकर मामले की जानकारी ली। इस संबंध में एसओ विनय पाठक का कहना है कि अब तक कुछ खास जानकारी नहीं मिली है। ससुराल के लोग भी लापता हैं। जब तक शव नहीं मिलता, तब तक मौत की पुष्टि नहीं की जा सकती। मामले की छानबीन की जा रही है।