हादसे में छह लोग घायल, दो की मौत
कसया आ रहे थे एक परिवार के सभी सदस्य
फोटो है।
अमर उजाला ब्यूरो
फाजिलनगर। मंगलवार को दिन के करीब तीन बजे फाजिलनगर में एनएच के ओवरब्रिज पर एक लग्जरी वाहन का टायर फट गया। गाड़ी अनियंत्रित होकर दूसरे लेन में जाकर पलट गई। वाहन में बैठी दो महिलाओं सहित छह लोग इस दुर्घटना में घायल हो गए। उन्हें तत्काल फाजिलनगर सीएचसी लाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान दो मौत हो गई।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के परसौनी ग्राम सभा के एक ही परिवार के छह लोग भाड़े की लग्जरी गाड़ी से कसया समूह के रुपये वसूलने जा रहे थे। वे फाजिलनगर में फोरलेन पर बने ओवरब्रिज पर पहुंचे ही थे कि गाड़ी का टायर फट गया। गाड़ी अनियंत्रित होकर दूसरे लेन में जाकर पलट गई। इस दुर्घटना के बाद वहां चीख पुकार मच गई। काफी संख्या में लोग पहुंच गए और घायलों को किसी तरह बाहर निकाला। फिर उन्हें फाजिलनगर सीएचसी पहुंचाया। इस दुर्घटना में घायल हैदर अली पुत्र शरीफ उम्र 65 वर्ष, शाकिर अली पुत्र शरीफ उम्र 55 वर्ष, शमशाद पुत्र शाकिर 22 वर्ष, जैनब उम्र 60, फातिमा 45 वर्ष और औरंगजेब छह वर्ष व चालक मेराज गंभीर रूप से घायल हो गया। हैदर और शाकिर को जिला अस्पताल भेज दिया गया, जहां इलाज के दौरान हैदर की मौत हो गई, जबकि शाकिर को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।