एसडीएम ने सील किया सहज जन सेवा केंद्र
शिकायत की जांच के बाद की कार्रवाई
पटहेरवा। थाना क्षेत्र के पटहेरिया में सहज जनसेवा केंद्र के संचालक के खिलाफ अनियमितता की शिकायत पर एसडीएम पहुंचे। उन्होंने जांच में शिकायत सही मिलने पर सहज जन सेवा केंद्र का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की संस्तुति करते हुए उसे सील कर दिया। पटहेरिया में स्थित जाह्नवी सहज जन सेवा केंद्र के संचालक सोहन लाल गुप्ता पर कुछ लोगों ने मानक से अधिक रुपये लेने, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में अनियमितता, निर्धारित स्थान से दूसरे जगह पर इस केंद्र को संचालित करने का आरोप लगाते हुए एसडीएम तमकुहजीराज से शिकायत की थी।
शनिवार की शाम एसडीएम ने जांच की। उन्होंने पाया कि यह केंद्र बिहार बुजुर्ग के कटहरी के नाम दर्ज है, जबकि पटहेरिया में संचालित किया जा रहा था। साथ ही सरकारी कार्यों में इस केंद्र की सहभागिता भी सार्थक नहीं पाई गई।
एसडीएम अरविंद कुमार ने बताया कि लोगों की शिकायत पर इस सहज जन सेवा केंद्र की जांच की गई। आरोप सही पाया गया। इसका रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की संस्तुति करते हुए इसे सील कर दिया गया है।