रामकोला बलुआ चौराहे पर मारपीट में घायल हो गया अविनाश।
- फोटो : अमर उजाला
रामकोला। रामकोला कस्बे के बलुआ चौराहे पर शुक्रवार की सुबह दो युवकों के आपसी विवाद में जमकर लाठियां चटकी। इस घटना में एक महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेजवाया। जहां उनका इलाज चल रहा है।
होली के दिन बलुआ वार्ड निवासी अविनाश प्रसाद (26) से इसी वार्ड के मुस्ताक के परिजनों से किसी बात को लेकर कहासुनी व मारपीट हो गई। उस समय तो मामला शांत हो गया, लेकिन शुक्रवार की सुबह अविनाश प्रसाद को बलुआ चौराहे पर मुस्ताक के भाई ने पिटाई कर दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने अविनाश को सीएचसी पहुंचाया।
अविनाश के पक्ष के कुछ लोगों ने मुस्ताक के भाई इस्तेयाक पर हमला कर दिया और उनके ऑटो का शीशा तोड़ दिया। मारपीट में मुस्ताक, उनकी पत्नी अरबिना, इस्तेयाक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी रामकोला भेजवाया। सीएचसी के डॉक्टरों ने अविनाश की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसओ दिलीप कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।