पडरौना। फर्जी सर्टिफिकेट जारी करने के मामले में पटहेरवा पुलिस ने पिता-पुत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस ने दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए नोटिस जारी किया है।
अहलादपुर गांव के यासीन मोहम्मद ने पटहेरवा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके गांव के रहमत अली सैरुन निशा गर्ल्स आईसीवीपीएमसी नाम से इंटर कॉलेज चलाते हैं, जो इस विद्यालय के प्रबंधक हैं।
इसके अलावा इस्लामिया मकतब नाम से अहलादपुर में मदरसा भी संचालित करते हैं। उसके वह खुद प्रधानाचार्य भी हैं। यासीन के मुताबिक, रहमत अली के कहने पर उन्होंने इस विद्यालय में अपने बेटे का दाखिला कराया था। हाईस्कूल उत्तीर्ण करने के बाद मिले सर्टिफिकेट को बेटे के लिए पासपोर्ट के आवेदन पत्र के साथ लगाया था।
उस सर्टिफिकेट को पासपोर्ट कार्यालय ने फर्जी बताकर आवेदन निरस्त कर दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि रहमत अली की पुत्री नाजनीन खातून का हाईस्कूल और इंटर का सर्टिफिकेट फर्जी तरीके से जारी किया गया है। इसके आधार पर पटहेरवा पुलिस ने प्रबंधक और प्रधानाचार्य रहमत अली एवं उनकी पुत्री के खिलाफ धोखाधड़ी एवं कूटरचना के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
पटहेरवा थाने के प्रभारी एसओ राजीव सिंह ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज करने के बाद विवेचना शुरू कर दी गई है। प्रबंधक व प्रधानाचार्य रहमत अली को नोटिस जारी कर दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा गया है।