पडरौना। अपने प्रेमी के चाचा के हाथों केरोसीन डालकर जलाई गई किशोरी ने शनिवार की रात मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उसकी पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवती के प्रेमी और प्रेमी के पिता व चाचा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
पडरौना नगर के एक मोहल्ले की 18 वर्षीय युवती का मोहल्ले के ही एक युवक से प्रेम संबंध हो गया था। दो माह पहले दोनों घर से कहीं भाग गए थे, लेकिन पंद्रह दिन बाद फिर वापस लौट आए। दोनों के घरवालों ने आपस में युवक और युवती के संबंध विच्छेद को लेकर समझौता कर लिया था, लेकिन इधर दो-तीन दिन से युवक और युवती में फोन से बातचीत फिर शुरू हो गई थी।
यह बात उनके घरवालों को पता चली तो दोनों को समझाने बुझाने में जुटे थे गए। युवती के घरवालों ने आरोप लगाया था कि शनिवार की शाम प्रेमी युवक के चाचा उसके घर आए थे और नोकझोंक की। उसके बाद प्रेमी के चाचा ने केरोसिन उड़ेलकर बेटी को जला दिया था। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया था। मेडिकल कॉलेज में देर रात उसकी मौत हो गई।
कोतवाल विजय राज सिंह ने बताया कि इस मामले में युवती के प्रेमी सहित प्रेमी के पिता और चाचा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यह मुकदमा युवती के पिता की तहरीर पर हुआ है। उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।