कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के बलकुड़िया बाजार में दो युवकों के बीच हुई मामूली कहासुनी को रविवार सुबह सांप्रदायिक माहौल देने का प्रयास किया गया। हालांकि समय रहते पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और लाठी भांजकर भीड़ को तितर-बितर कर दिया। शाम को इस मामले में एक पक्ष की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
जटहां बाजार, पिपरा बाजार व नेबुआ रायगंज प्रतिनिधियों के अनुसार बलकुड़िया गांव के दो युवकों के बीच शनिवार की शाम को किसी बात को लेकर मारपीट हुई थी। रविवार की सुबह इसी बात को लेकर दोनों युवकों के घरवाले आमने-सामने हो गए। उनके समर्थन में दोनों पक्ष के लोग लामबंद होने लगे। इसी बीच सांप्रदायिक विवाद होने की सूचना मिलने पर एसओ निर्भय सिंह पुलिस फोर्स लेकर पहुंचे और लाठी भांजकर भीड़ को खदेड़ा। पुलिस वहां से ग्राम प्रधान व दोनों पक्षों के कई लोगों को पकड़कर थाने ले आई। बाद में शंभूनाथ की तहरीर पर नेसार समेत सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करते हुए नेसार को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना प्रभारीर ने बताया कि गांव में शांति है, पुलिस पूरे मामले पर नजर रखे हुए है। विवाद करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।