शव आते ही मचा कोहराम, जुटी भीड़
अमर उजाला ब्यूरो
बरवापट्टी। थाना क्षेत्र के रामपुर पट्टी गांव के चौबेया पटखौली टोला निवासी एक युवक की तेलंगाना में मौत हो गई। सोमवार को उसका शव घर आते ही कोहराम मच गया। उसके घरवालों का रो रोकर बुरा हाल है।
इस गांव के महेश यादव के 23 वर्षीय पुत्र लहरी यादव नौ माह पहले गांव के एक ठेकेदार के साथ तेलंगाना कमाने गए थे। वहां के मुलगू थाना क्षेत्र के बैकेटपुर में एक कंपनी में बेल्डर का काम करते थे। तीन मई की रात में घरवालों से फोन पर बात करने के बाद कमरे से बाहर निकले। उसके बाद से उनका पता नहीं चल रहा था। मुलगू थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने 24 घंटे बाद जंगल से लहरी की लाश बरामद की। तेलंगाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसके रिश्तेदारों को सौंप दिया। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है। इधर सोमवार को दिन में युवक का शव आते ही कोहराम मच गया। लहरी के पिता महेश यादव ने गांव के ही ठेकेदार पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि ठेकेदार के जिम्मे उनके लड़के का काफी रुपया बकाया था। इसके चलते उनके बेटे की हत्या की गई है। सोमवार को ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।