पिपरा कनक। पटहेरवा क्षेत्र के बिहार बुजुर्ग गांव निवासी पीडब्ल्यूडी कर्मी के घर से शनिवार की रात चोर लाखों रुपये के जेवरात, कपड़े आदि चुरा ले गए। रविवार को परिजनों को जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
समउर-पटहेरिया मार्ग पर स्थित बिहार बुजुर्ग निवासी चंद्रशेखर पांडेय पुत्र गगनदेव पांडेय अरुणांचल में पीडब्ल्यूडी कर्मचारी हैं। फरवरी में शादी के सिलसिले में घर आए थे। उनकी पत्नी मायके गई थी। शनिवार रात पत्नी घर पहुंचीं तो बिखरा सामान देख कर दंग रह गईं।
दो कमरों में आलमारी तोड़ कर चोर उसमें रखे दो जोड़े हार, झुमका, चेन, दो जोड़ा मंगल सूत्र, चार सोने की अंगूठी, झाली, चार कान फूल, सोने की पहुंची, चांदी की दो जोड़ी पाजेब, पांच नथुनी, दस फूल के दो बर्तन, जरी की दस साड़ियां, दस बनारसी साड़ी समेत दस लाख रुपये के सामान उठा ले गए। गृहस्वामी के भाई उमाशंकर व हरी पांडेय की सूचना पर पटहेरवा थाने की समउर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। चौकी प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि घटना स्थल की जांच की गई। जांच पड़ताल के बाद केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।