तुर्कपट्टी (कुशीनगर)। थाना क्षेत्र के खरदर पुल के पास दो बाइक की आमने सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुल के सामने स्थित एक निजी विद्यालय के शिक्षकों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। एक घंटा विलंब से पहुंची पुलिस और सूचना के बाद भी एंबुलेंस के नहीं पहुंचने पर जुटी भीड़ ने नाराजगी व्यक्त की। लोगों का कहना था कि समय से उपचार मिलता तो एक युवक की जान बचाई जा सकती थी।
सोमवार की सुबह करीब 10 बजे कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सिकटा गांव निवासी नवी सरवर उम्र (22 वर्ष) कसया थाना क्षेत्र के नंदन छपरा गांव में अपने रिश्तेदार से मिलकर सपहां-तुर्कपट्टी मार्ग से अपने गांव वापस आ रहे थे। उनके साथ बाइक पर उनकी बहन शबनम( उम्र 19 वर्ष) और मां सलमा (उम्र 50 वर्ष) भी बैठी थीं। वह जैसे ही खरदर पुल के आगे बढ़े कि तुर्कपट्टी की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे है बाइक सवार उमेश निवासी ग्राम बसडीला थाना तुर्कपट्टी व भभूति (उम्र 40 वर्ष) निवासी ग्राम तेनुआ थाना तुर्कपट्टी से आमने-सामने की टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इस दुर्घटना में नवी सरवर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनके साथ बाइक पर बैठी उनकी मां तथा बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटनास्थल के सामने स्थित एक निजी विद्यालय के शिक्षकों ने उन्हें निजी वाहन से कसया सीएचसी पहुंचाया। दूसरे बाइक पर सवार उमेश तथा उनके साथी भभूति भी घायलावस्था में कसया सीएचसी भेजे गए। वहां इलाज के दौरान उमेश की मौत हो गई। उमेश की करीब डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी।
इस संबंध में एसओ नीरज शाही ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी।
नहीं पहुंची एंबुलेंस
इधर, करीब एक घंटा विलंब से पहुंची तुर्कपट्टी थाने की पुलिस को देखकर लोगों ने नाराजगी व्यक्त की, जबकि एंबुलेंस अंत तक नहीं पहुंचा। लोगों का कहना था कि पुलिस और एंबुलेंस समय से पहुंचे होते तो एक युवक की जान बचाई जा सकती थी। तुर्कपट्टी पुलिस ने शव का पंचनामा बनवाकर पोस्मार्टम के लिए भेज दिया।