घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ और पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
हाटा। कस्बे के मुख्य बाजार मोहल्ले में बुधवार को सराफा व्यवसायी को झांसा देकर उचक्के करीब चार लाख रुपये के मूल्य के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। पहले तो दुकानदार हक्का-बक्का रह गया। बाद में पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
क्षेत्र के सिंहपुर गांव के रहने वाले पट्टू वर्मा मुख्य बाजार मोहल्ले में अपनी आभूषण की दुकान में बैठे थे। दोपहर में एक युवक पहुंचा और सोने की चेन व लॉकेट दिखाने को कहा। पट्टू वर्मा तिजोरी से आभूषण निकाल कर युवक को दिखाने लगे। सभी आभूषण का वजन करीब डेढ़ सौ ग्राम था। अचानक युवक खड़ा हुआ और सभी आभूषण को लेकर दुकान के बाहर तेजी से भागा।
दुकानदार अभी कुछ समझ पाता, पहले से बाइक लेकर खड़े साथी की बाइक पर युवक बैैठ गया और तेजी से पूरब दिशा की ओर फरार हो गया। दुकानदार ने शोर मचाया तो भीड़ जुट गई। घटना जानकर लोगों अवाक रह गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की। दुकानदार ने पुलिस को तहरीर दे दी है। कस्बा चौकी इंचार्ज महेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि दुकानदार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।