नवजात को मुंह में दबाए शहर में घूमता रहा कुत्ता
लोगों के घेरने पर शव छोड़कर भागा कुत्ता
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। औलाद के लिए लोग क्या-क्या नहीं करते, कहां-कहां मत्था नहीं टेकते, लेकिन मंगलवार को सुबह नवजात का शव मुंह में दबाए कुत्ता पडरौना शहर में घूमता रहा। लोग उसे देखते रहे, लेकिन नवजात को कुत्ते से छुड़ाने वाला कोई नहीं था। बाद में कुछ युवकों ने उस कुत्ते को घेर लिया। कुत्ता नवजात का शव छोड़कर भाग निकला। यह मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पडरौना शहर के गंगीराम मंदिर मोहल्ला के निवासी अरविंद वर्मा, सोनू साहा, गोविंद, शंकर, सुमित, जयराम वर्मा, बंटी आदि ने बताया कि मंगलवार को एक कुत्ता नवजात को मुंह में दबाए नगर के मेन रोड पर घूम रहा था। घटना को देखकर लोग दंग रह गए। नवजात किसका था, यह किसी को पता नहीं था। लोग यही संभावना जता रहे थे कि किसी महिला ने बच्चे को जन्म देने के बाद लावारिस हाल में फेंक दिया था, जिसकी वजह से कुत्ता नवजात को पाया और फिर मुंह में दबाकर घूम रहा था। बाद में लोगों ने घेरकर कुत्ते से नवजात को बचाया, लेकिन तब तक नवजात की मौत हो चुकी थी।
कोतवाल विजय राज सिंह ने बताया कि नवजात लड़का था। वह एक दिन पहले का मालूम पड़ रहा था। उसकी मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बच्चा किसका था, यह पता नहीं चल सका है।