रामकोला। थाना क्षेत्र के पुरैनी गांव के छोटकी मुसहरी टोला में शनिवार को पट्टीदारों में हुई मारपीट में घायल युवक की रविवार को मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। युवक की मौत से उसके घर में कोहराम मच गया है।
ट्रैक्टर ट्राली से मिट्टी पहुंचाने के एवज में रुपये मांगने गए पिंटू गिरी नाम के युवक और उसके घरवालों को गांव के ही एक व्यक्ति के परिवारवालों ने मिलकर पिटाई कर दी। इस पिटाई से पिंटू समेत दस लोग घायल हो गए थे। उन्हें रामकोला सीएचसी लाया गया था, जहां से डॉक्टर ने पिंटू को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था।
वहां इलाज के दौरान रविवार को पिंटू गिरी की मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। पिंटू गोरखपुर में रहकर सब्जी बेचता था, जिससे उसके परिवार का भरण पोषण होता था। पिंटू की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया है। पिंटू तीन बच्चे हैं, जिनमें सागर 9 साल, हिमांशु 7 और शिवानी 5 साल की है।
पिंटू के पिता की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार को ही मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। रविवार को उनमें से दो आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर थाने आई और उनके पूछताछ कर रही है।
रामकोला थाने के प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया कि मारपीट में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए थे, जिसमें पिंटू गम्भीर रूप से घायल हो गया था। इलाज के दौरान उसकी गोरखपुर में मौत होने की सूचना मिली है। अभी पूर्व में मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।