कोरिया के पर्यटकों की बस पर चला लाठी-डंडा, शीशा टूटा
चीवर व फूल-माला की रकम के लिए नोकझोंक के बाद हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
कसया(कुशीनगर)। कोरिया के पर्यटकों की बस पर कुछ युवकों ने लाठी-डंडे फेंककर शीशे तोड़ दिए। इससे पर्यटकों में अफरातफरी मच गई। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को लेकर कुशीनगर से निकल गया।
शुक्रवार को बिहार से कोरियाई पर्यटकों का दल तीन बसों से कुशीनगर पहुंचा था। एक दल बुद्ध विहार में ठहरा था था। शनिवार की सुबह के लगभग नौ बजे यह दल मुख्य मंदिर में पूजा करने पहुंचा। मंदिर में स्थानीय एक व्यक्ति की ओर से पर्यटकों को चीवर व फूल-मालाएं उपलब्ध कराई गई। पूजा-पाठ के बाद दल मांथा कुंवर मंदिर के सामने खड़ी बसों में बैठ गया। दो बसें लुंबिनी के लिए रवाना हो गईं। एक बस रुकी थी। दल ने स्थानीय व्यक्ति को चीवर व फूल माला के लिए रकम दी। वह और डिमांड करने लगा। इसी बात पर गाइड व चालक में कहासुनी हुई। इसके कुछ ही देर बाद करीब छह की संख्या में युवक लाठी-डंडे के साथ पहुंच गए और बस के शीशे तोड़ने लगे। बस में बैठे पर्यटक शोर मचाने लगे। पर्यटकों का शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी युवक फरार हो गए। इसके बाद बस लुंबिनी के लिए रवाना हुई।
इस संबंध में चौकी इंचार्ज महेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। लेकिन किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है।
इनसेट
विदेशी पर्यटकों के साथ होने वाली बदसलूकी का नजारा अगर यहां महीनों से लगा पर्यटन विभाग का सीसीटीवी कैमरा चालू होता तो उसमें तस्वीर कैद होती। इससे उन युवकों की पहचान आसानी से हो जाती। इसके अलावा कुशीनगर में तैनात पर्यटक पुलिस भी चुनाव ड्यूटी में व्यस्त है नहीं तो मामला इतना नहीं बिगड़ता कि पर्यटकों के बस के ऊपर लाठी-डंडे चले।