तमकुहीराज। कुशीनगर के तरयासुजान पुलिस ने बिहार में शराब तस्करी के लिए लक्जरी गाड़ी से ले जा रहे 375 बोतल अंग्रेजी शराब पकड़ी है। आरोप दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। इस कार्रवाई से बिहार में तस्करी के जरिए शराब भेजने वाले गिरोह में खलबली मच गई है।
बुधवार को भी पुलिस ने फोरलेन के रास्ते बिहार जा रही हरियाणा प्रांत के नंबर वाली एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली तो उसमें 375 बोतल अंग्रेजी शराब मिली। तरयासुजान थाने के बहादुरपुर पुलिस चौकी इंचार्ज नंदा प्रसाद ने बताया कि हरियाणा प्रांत की एक गाड़ी जिस पर बिहार प्रांत का नंबर प्लेट लगा था वह बिहार की तरफ जा रही थी। बहादुरपुर चौराहे के पास इस गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई तो उसकी डिकी में 375 बोतल हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
बिहार में शराब बंदी के बाद बार्डर इलाके में तस्करों की गतिविधियों में तेजी आई है। शराब तस्करी बार-बार नए तरीके खोज रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से लक्जरी गाड़ियों के जरिए हरियाणा प्रांत की निर्मित अंग्रेजी शराब बिहार भेजी जा रही है। तरयासुजान पुलिस को पिछले तीन सप्ताह में इस तरह के छह मामले पकड़ने में सफलता मिली है।
चौकी प्रभारी ने बताया कि शराब बरामदगी के इस मामले मे हरियाणा के रोहतक जिला निवासी सगे भाई सोनू व राहुल को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है। इनके खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। शराब बरामदगी की जानकारी होने पर सीओ तमकुहीराज आरके तिवारी भी मौके पर पहुंचे थे।