कुशीनगर। बुधवार की देर शाम अर्जुनहा स्थित एफसीआई गोदाम के पास अचेत मिले मजदूर की देर रात मौत हो गई। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर घरवालों को सौंप दिया। चर्चा है कि अत्यधिक शराब पीने से मजदूर की हालत बिगड़ गई थी।
कसया थाना क्षेत्र के धर्मपुर बुजुर्ग के बेलासी टोला निवासी 45 वर्षीय राजेंद्र राजभर बुधवार को सुबह घर से मजदूरी करने निकले थे। देर शाम घरवालों को उसके एफसीआई गोदाम के पास अचेत पड़े होने की सूचना मिली। घरवाले वहां पहुंचे और वहां से संयुक्त जिला चिकित्सालय ले गए। डॉक्टर ने हालत गंभीर बताते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। गोरखपुर ले जाते वक्त रास्ते में ही राजेंद्र की मौत हो गई। जानकारी होने पर कसया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवारीजनों को सौंप दिया गया। इस संबंध में पोस्टमार्टम कराने वाले रविंद्र नगर पुलिस चौकी के इंचार्ज रामचंद्र यादव ने बताया कि घरवालों ने जहर देकर मारने की आशंका जताई थी। इस आधार पर पोस्टमार्टम कराया गया है। इसकी रिपोर्ट कसया पुलिस को भेजी जाएगी।