कप्तानगंज। कस्बे के दुर्गा चौक निवासी परिवार के साथ शनिवार को हुई मारपीट के आरोपियों में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घायल व्यक्ति का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
दुर्गा चौक पर जमीन के विवाद में शनिवार की सुबह करीब आठ बजे पृथ्वीपाल शर्मा, उनके बड़े भाई जनार्दन और मां लालदेई देवी को मारपीट कर घायल कर दिया गया था। पृथ्वीपाल के सिर में गंभीर चोट के कारण डॉक्टर ने कप्तानगंज सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था।
घायल लालदेई देवी की तहरीर पर पुलिस ने कस्बे के ही उत्तर मोहल्ला निवासी दुर्गेश, हरिओम, नागेंद्र, केशव, मनीष, मंगल, देवा, हैप्पी, अनिल सर्राफ, दिवाकर सहित 35 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। चौकी इंचार्ज विनय कुमार ने बताया कि प्राण घातक हमला, विवाद के दौरान रास्ता जाम कर अव्यवस्था उत्पन्न करने और घर में घुसकर मारने-पीटने सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में रविवार को सुबह दस बजे डीसीएफ चौक से दुर्गेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।