अबूझ हाल में तीन घर जले, संपत्ति नष्ट
कोटवा बाजार/पिपरा कनक। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आगलगी से तीन घर जल गए। घरों में रखे सामान नष्ट हो गए। अग्निपीड़ितों के सामने कई समस्याएं उत्पन्न हो गई हैं।
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के हरपुर लाला डीह गांव के निवासी बलदेव और विनोद साहनी के घर में शनिवार की रात करीब दस बजे लगी आग में घरों का पूरा सामान जल गया। झोपड़ी में बंधी गाय को बचाने के प्रयास में विनोद का हाथ जल गया। इस आग में इन परिवारों के आभूषण, नकदी और कपड़े भी जल गए। ग्रामीणों के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका।
इसी तरह तमकुही क्षेत्र के गगलवा चैनपट्टी में शनिवार की रात में खाना बनाते समय लगी आग में हसीमुल्लाह की झोपड़ी जल गई। आग बुझाने के प्रयास में हसीमुल्लाह की पत्नी जासरीन खातून (40) और पुत्री रुखसाना (13) भी झुलस गईं। उनका कोटवा सीएचसी में इलाज कराया गया। आग की लपटों में इनके घर के सामान भी जल गए। मौके पर पहुंचे लेखपालों ने दोनों गांवों में क्षति की रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी।