रामकोला तिराहे पर लोगों ने जाम लगा दिया।
- फोटो : अमर उजाला
रामकोला। तीन दिन पूर्व ट्रक के नीचे आ जाने से पांच माह के बच्चे की मौत के मामले में मुआवजा दिलाने की मांग करते हुए विजयपुर गांव के लोगों ने बृहस्पतिवार को शहीद गेट पर घायल महिला को लिटाकर सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया।
रामकोला क्षेत्र के विजयपुर गांव के निवासी नथई अपनी पुत्रवधू गीता को एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाने आए थे। गोद में गीता का पांच माह का बेटा था। बाइक से घर लौटते समय रामकोला के शहीद गेट पर साइड लेते समय बाइक असंतुलित हो गई थी। नथई बाइक लेकर गिर पड़े थे। गीता के हाथ से छूटकर बच्चा ट्रक के पहिए के नीचे आ गया था और उसकी मौत हो गई थी। गीता और नथई घायल हो गए थे। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था।
प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। वहां लोगों ने मनमाने तरीके से सड़क पर जाम लगाया था। जिस ट्रक से दुर्घटना हुई, वह सड़क निर्माण के काम में लगा है। मृतक बच्चे के घरवाले एक करोड़ रुपये मुआवजा और नौकरी की मांग कर रहे हैं।