घर में घुसे व्यक्ति का पुलिस ने किया चालान
गुरवलिया बाजार। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विशुनपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पडरौन मंडुरही निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इधर, गृहस्वामी की पुत्री ने एसओ पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता ने तहरीर में बताया है कि वह किसी कार्यवश बाहर गया था कि इसी बीच मौका पाकर पडरौन मंडुरही निवासी वह व्यक्ति उसके घर में घुस गया। आरोपी व शिकायतकर्ता की पुत्री एक कमरे में थे, उसी समय शिकायतकर्ता के छोटे भाई ने बाहर से ताला बंद कर उसे सूचना दी। घर पहुंचे गृहस्वामी ने यूपी 100 को सूचित किया। एसओ उमेश कुमार के नेतृत्व में देर रात मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। इधर, शिकायतकर्ता की पुत्री भी थाने पहुंची व एसओ पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाई।
एसओ ने बताया कि गृहस्वामी की तहरीर पर आरोपी को धारा शांतिभंग में निरुद्ध कर चालान कर दिया गया है। वहीं लड़की की तरफ से लगाए गए आरोप को एसओ ने निराधार बताया।