बाइक सवार बदमाशों ने वृद्धा से लूटे साठ हजार
बैंक से ही बुजुर्ग महिला के पीछे लग गए थे लुटेरे
बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
ढाढा। कैश वैन लूटकांड के पर्दाफाश में हाटा कोतवाली पुलिस अभी उलझी ही है कि बुधवार को फिर बदमाशों ने वृद्ध महिला से 60000 रुपये लूट लिए। पीड़िता पूर्वांचल बैंक सुकरौली शाखा से रुपये निकाल कर घर लौट रही थी। दिनदहाडे़ हुई लूट की वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
हाटा कोतवाली के पिडरा गांव के भेड़िहारी टोले की महिला बैटरी देवी बुधवार को पूर्वांचल बैंक सुकरौली की शाखा से साठ हजार रुपये निकालकर घर जा रही थी। सुकरौली से बंचरा जाने वाली नहर पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे घेर लिया और रकम रखे झोले को छीनकर भाग गए। घटना के बाद बैटरी देवी ने शोर मचाया तो कुछ लोग पहुंच गए। वापस बैंक पहुंचकर आप बीती सुनाई। पीड़िता ने बताया कि रुपये छीनकर भागने वाले युवक बैंक से ही उनके पीछे पड़े थे। उन्होंने ही उसकी पर्ची भरने में मदद की थी। घटना की जानकारी होने पर स्थानीय पुलिस बैंक के सीसीटीवी की सहायता से छिनैती करने वाले युवकों की पहचान में जुट गई।
पूर्व में भी हो चुकी है दूसरी महिला से छिनैती
ढाढा। हाटा कोतवाली के पड़री गांव के लिलही कोठी टोले की रहने वाली केवली देवी पहली अक्टूबर को शौचालय निर्माण का छह हजार रुपये भुगतान कस्बे के पंजाब नेशनल बैक से लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान नहर की पटरी पर बाइक सवार ने धक्का दे दिया और वह गिर गई। उसी बीच बाइक सवार रकम और झोला लेकर भाग गए थे।