बाइक की चपेट में आने से बालक की मौत
देर रात बाइक की चपेट में आ गया था
टेकुआटार। रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे रामकोला थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव का चार वर्षीय बालक बाइक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। लोग उसे कसया सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यहां के अनूप पांडेय अपने चार वर्ष के बेटे अनुज के साथ रविवार की देर शाम गांव के बाहर आए थे। रात के करीब साढ़े आठ बजे रामकोला-कसया मार्ग को पार करते समय वह एक बाइक की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल अनुज को तत्काल कसया सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, आसपास मौजूद लोगों ने बाइकचालक को पकड़ लिया तथा पुलिस को सूचना दी। मौके पर कसया थाने के एसओ सुनील कुमार राय पहुंचे और बाइक व चालक को अपने साथ लेकर चले गए। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अनुज की मौत के बाद से उसके घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था।
करंट से किशोर की मौत
बरवापट्टी। थाना क्षेत्र के अमवाखास कान्ही टोला में अपने मामा के घर आए एक किशोर की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। किशोर की मौत से घर में कोहराम मचा गया।
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर कोठी गांव का निवासी करीब 13 वर्षीय मनकेश्वर अपने मामा के घर अमवाखास के कान्ही टोला आया था। रविवार की शाम दरवाजे पर लगे बिजली के पोल में अचानक करंट उतर गया, जिसकी चपेट में आ गया। मौजूद लोग उसे इलाज के लिए दुदही सीएचसी ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
किशोरी ने सगी बुआ के खिलाफ की पुलिस से शिकायत
सुनसान जगह पर ले जाकर युवक को सौंपने का आरोप
खड्डा। हनुमानगंज थाना क्षेत्र की एक किशोरी रिश्ते में बुआ लगने वाली महिला पर उसे सुनसान जगह ले जाकर एक युवक को अश्लील कार्य के लिए सौंपने का आरोप लगाई है। पुलिस जांच में मामला रंजिश बस परेशान करने की बात कह रही है।
हनुमानगंज क्षेत्र की किशोरी का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली बुआ शनिवार को उसे गांव के बाहर ले गई। वहां मौजूद युवक को सौंप दिया। युवक उसे गलत नीयत से खींचकर ले जाने लगा तो उसने प्रतिरोध करते हुए शोर मचा दिया। इसके बाद युवक वहां से भाग निकला। किशोरी ने घर आकर आपबीती बताई। परिजन थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग किए हैं। एसओ हनुमानगंज महेंद्र चतुर्वेदी का कहना है कि शिकायत पर जांच की गई। मामला पूरी तरह गलत मिला। आरोपी महिला बुजुर्ग है। दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश है।