गोड़इता श्रीराम में सन्नाटा, पीएसी मुस्तैद
बाहरी लोगों को बेवजह गांव में आने की मनाही
फोटो के साथ
तमकुहीराज। तरयासुजान क्षेत्र के गोड़इता श्रीराम में शांति कायम करने के लिए क्षेत्र के संभ्रांत लोगों के साथ प्रशासन लगातार संपर्क बनाए है। डीएम-एसपी ने भी गांव का भ्रमण कर दोनों पक्षों से बातचीत की। वैसे तनाव के मद्देनजर अभी भी पीएसी मुस्तैद है। गांव के लोग एहतियात के तौर पर घरों से नहीं निकल रहे हैं। इससे गांव में सन्नाटा है। बाहरी लोगों को बेवजह गांव में जाने से मनाही कर दी गई है। एक तरह से अघोषित कर्फ्यू की स्थिति बनी हुई है।
11 जून को गोड़इता श्रीराम में बरात के परछावन के दौरान खुशी में नृत्य कर रहीं महिलाओं का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने से दो पक्ष आपने-सामने आ गए थे। जानकारी होते हुए मौके पर सीओ की अगुवाई में कई थानों की पुलिस व पीएसी पहुंच गई थी। तहसील प्रशासन लगातार गांव में कैंप कर दोनों पक्षों में शांति बहाली का प्रयास कर रहा है। इधर, डीएम डॉक्टर अनिल कुमार सिंह एवं एसपी राजीव नारायण मिश्र ने गांव में भ्रमण कर दोनो पक्षों से बातचीत की और शांति कायम करने की अपील की। लोगों ने घटना के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार बताया। वहीं गांव में किसी अप्रिय घटना नही होने देने के के लिए पीएसी मुस्तैद है। बाहरी लोगों को अकारण गांव में जाने से मनाही है। दूसरी तरफ एहतियात के तौर पर गांव के घरों में दुबके हए हैं।