जानकीनगर/हाटा। अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पडरौना-कसया मार्ग पर बुधवार की रात दमवतिया चौराहे के निकट ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार युवक की जान चली गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में और ट्रक को कब्जे में ले लिया। हाटा के थरूआडीह वार्ड के सामने बस की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत हो गई।
पडरौना कोतवाली क्षेत्र के गनेशीपट्टी निवासी 42 वर्षीय बिकाऊ बुधवार को किसी काम से जिला मुख्यालय आए थे। रात नौ बजे के करीब वह साइकिल से घर लौट रहे थे। दवतिया चौराहे से पहले ही तेज रफ्तार गुजरे ट्रक ने पीछे से उन्हें चपेट में ले लिया। वह बुरी तरह से घायल हो गए।
आसपास के लोगों की सूचना पर रवींद्रनगर चौकी के पुलिस कर्मी पहुंच गए। बिकाऊ को जिला अस्पताल लाया गया। एक घंटे तक उपचार के बाद उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उसके बाद काफी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। चौकी इंचार्ज रामनारायण दूबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार की शाम को हाटा के थरूआडीह वार्ड के सामने बस की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत हो गई। चालक बस छोड़ कर भाग निकला। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हाटा नगर पालिका के ढाढा बुजुर्ग मोहल्ले के 50 वर्षीय राम प्रवेश मद्देशिया किसी काम से हाटा बाजार में आए हुए थे। यहा अपना काम निपटाने के बाद वह अपने घर की ओर साइकिल से जा रहे थे। थरूआडीह मोहल्ले के सामने पहुंचे ही थे। उसी दौरान पीछे से गुजरी दिल्ली जाने वाली लक्जरी बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। उनकी मौके पर मौत हो गई। आसपास के लोगों की सूचना के बाद पुलिस पहुंच गई।