फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

50 हजार रुपये का इनामी शराब तस्कर गिरफ्तार

Thu, 30 May 2019 11:57 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
पच्चास हजार के इनामी तस्कर की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी देते एसपी राजीव नारायण मिश्र। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कुशीनगर। स्वाट और तरयासुजान थाने की संयुक्त पुलिस ने गुरुवार को 50 हजार रुपये के इनामी शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 32 बोर की पिस्टल, कारतूस, खोखा और चोरी की बाइक बरामद की गई। उसने पूर्व में पुलिस टीम पर हमला कर दिया था, जिसमें एसआई के सिर में गंभीर चोटें आई थीं।
विज्ञापन


एसपी राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि गुरुवार को स्वाट और तरयासुजान की संयुक्त पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर घेरेबंदी कर फरार इनामी शराब तस्कर विजय साहनी पुत्र शंकर निवासी खलवा चैनपट्टी थाना तरयासुजान को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 32 बोर की पिस्टल, दो कारतूस व खोखा मिला।

इसके अलावा गोपालगंज बिहार से चोरी की गई बाइक भी मिली। एसपी ने बताया कि वांछित चल रहे विजय साहनी को पकड़ने 13 नवंबर 2018 को उसके घर गई पुलिस टीम पर उसने अपने परिवार व अन्य लोगों के सहयोग से ईट-पत्थर चलाए थे। पुलिस टीम में शामिल एसआई का सिर फट गया था। इस बीच विजय साहनी भागने में सफल हो गया था। उस मामले में भी पुलिस की ओर से आरोपी तस्कर समेत कई अन्य पर केस दर्ज किया गया था।
विज्ञापन


एसपी की ओर से दिसंबर 2018 में वांछित विजय साहनी पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। जबकि अप्रैल 2019 में आईजी गोरखपुर जेएन सिंह ने 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया था।

विजय साहनी ने वर्ष 2004 से अपराध की दुनिया में कदम रखा था। अब तक उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम, जालसाजी, कापीराइट एक्ट, आर्म्स एक्ट, गैंगेस्टर, हत्या के प्रयास, एससी/एसटी एक्ट, मारपीट, सेवन सीएलए एक्ट के तहत कुल दस मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। पुलिस ने विजय साहनी को जेल भेज दिया। इस दौरान एएसपी गौरव वंशवाल और सीओ राणा महेंद्र प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें