हाटा कोतवाली के जोल्हिनिया चौराहे पर ट्रैक्टर और बस की टक्कर के बाद गड्ढे में गिरी बस।
- फोटो : अमर उजाला
सुकरौली। हाटा कोतवाली क्षेत्र के जोल्हिनिया चौराहे के पास फोरलेन पर बने क्रासिंग के निकट मंगलवार को ट्रैक्टर ट्राली और बस में भिड़ंत हो गई। बस अनियंत्रित होकर फोरलेन के किनारे डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दो लोग घायल हो गए। जबकि ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
परिवहन निगम की अनुबंधित बस गोरखपुर से सवारी लेकर पडरौना की ओर जा रही थी। अभी बस हाटा कोतवाली क्षेत्र के बढ़या खुर्द के जोल्हिनिया के समीप फोरलेन पर बने क्रासिंग के पास पहुंची ही थी। उसी दौरान आगे चल रही ट्रैक्टर ट्राली से टक्कर हो गई। बस में सवार सभी यात्री बाल-बाल बच गए। इस घटना में पडरौना थाने के बस चालक चुन्नू कुमार और झारखंड के रहने वाले वीरेंद्र घायल हो गए। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी और घायलों को पीएचसी सुकरौली पहुंचाया। उनका इलाज चल रहा है।